Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/nowhindustan/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170
खन्ना पुलिस का एक्शन मोड: बुलेट से पटाखे पूर्ण तौर पर होंगे बंद, 150 अवैध साइलेंसरों पर चला बुलडोजर - Now Hindustan

खन्ना पुलिस का एक्शन मोड: बुलेट से पटाखे पूर्ण तौर पर होंगे बंद, 150 अवैध साइलेंसरों पर चला बुलडोजर

 

-एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया के नेतृत्व में नियम तोड़ने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, अभिभावकों से भी सहयोग की अपील

-जिलेभर में सैकड़ों चालान, करीब 150 अवैध साइलेंसर जब्त कर सार्वजनिक रूप से किए गए नष्ट, अब मॉडिफिकेशन करने वाले मैकेनिकों पर भी होगी कार्रवाई

खन्ना/लुधियाना, 03 जुलाई: पुलिस जिला खन्ना में कानून का पालन सुनिश्चित करने, ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने और आम लोगों को शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया (आईपीएस) के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि जनहित से खिलवाड़ करने वालों को अब किसी प्रकार की रियायत नहीं मिलेगी। बुलेट मोटरसाइकिलों में अवैध साइलेंसर लगाकर तेज आवाज में पटाखे फोड़ने वालों के खिलाफ चलाए गए इस अभियान के तहत जहां पूरे जिले में सैकड़ों चालान किए गए, वहीं करीब 150 अवैध साइलेंसर जब्त कर आज खन्ना के अमलोह चौक में लोगों के सामने बुलडोजर चलाकर नष्ट कर दिए गए। यह कार्रवाई केवल अवैध साइलेंसर नष्ट करने तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसके माध्यम से पुलिस ने पूरे समाज को स्पष्ट संदेश दिया कि कानून का उल्लंघन करने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा।

 

इस अवसर पर बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की।मीडिया से बातचीत करते हुए एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने बताया कि पिछले कुछ समय से पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बुलेट मोटरसाइकिलों पर अवैध साइलेंसर लगाकर तेज आवाज में पटाखे फोड़े जाते हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर बाजारों में खरीदारी करने वाली महिलाओं, बुजुर्गों, हृदय रोगियों, छोटे बच्चों तथा स्कूल-कॉलेजों के आसपास यह हरकतें डर और असुविधा का कारण बन रही थीं।लोगों की सुरक्षा और शांति को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अभियान के दौरान पूरे जिले में सैकड़ों वाहनों के चालान किए गए तथा करीब 150 अवैध साइलेंसर जब्त किए गए। आज इन साइलेंसरों को सार्वजनिक रूप से नष्ट कर लोगों को यह संदेश दिया गया कि ऐसी हरकतें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने स्पष्ट किया कि यह अभियान का केवल पहला चरण है। अगले चरण में उन वर्कशॉप, गैराज और मैकेनिकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी, जो अवैध साइलेंसर लगाते हैं या वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन करते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ मुकदमे भी दर्ज किए जाएंगे। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें तथा उन्हें अवैध साइलेंसर लगाकर पटाखे फोड़ने जैसी हरकतों से रोकें। यदि कोई नाबालिग इस प्रकार का उल्लंघन करता पाया गया तो कानून के अनुसार उसके अभिभावकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

 

शहरवासियों ने भी खन्ना पुलिस के इस अभियान को समय की जरूरत बताते हुए कहा कि लंबे समय से अवैध साइलेंसरों की तेज आवाज से लोग परेशान थे। अब पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से न केवल कानून का डर पैदा होगा, बल्कि युवाओं में भी ट्रैफिक नियमों का पालन करने के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। इस मौके पर डीएसपी ट्रैफिक करमवीर सिंह तूर, ट्रैफिक इंचार्ज कुलजीत सिंह सहित ट्रैफिक पुलिस के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।खन्ना पुलिस की यह कार्रवाई स्पष्ट करती है कि एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया के नेतृत्व में जिले में कानून का उल्लंघन करने वालों के लिए किसी प्रकार की ढील नहीं है। आम लोगों की सुरक्षा, शांति और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। यह अभियान न केवल ट्रैफिक अनुशासन को मजबूत करेगा, बल्कि जनता का कानून के प्रति विश्वास भी और अधिक मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *